Pilibhit News: सिलिंडर फटने से झुलसे कल्लू और नरेश की हालत बिगड़ी, बरेली रेफर
पूरनपुर। गांव सिरसा में बुधवार को सिलिंडर फटने से घायल हुए गांव सबलपुर निवासी कल्लू और गांव पिपरिया दुलई निवासी नरेश को जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सिरसा गांव में देवीस्थान मंदिर में मेला लगा है। बुधवार को मेले में जलेबी बनाते समय गांव सबलपुर खास निवासी हलवाई कल्लू के ठेले पर रखा पांच किलो का सिलिंडर फट गया था। हादसे में कल्लू, गांव सिरसा निवासी नरेश, सत्यपाल का पुत्र नितिन (6) समेत सात लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से झुलसे कल्लू, नरेश को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। कल्लू के भाई जान मोहम्मद ने बताया कि बृहस्पतिवार को गंभीर हालत में कल्लू और नरेश को जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया।
प्रतिबंध के बाद भी घरेलू सिलिंडरों का हो रहा उपयोग
घरेलू गैस सिलिंडर के व्यापारिक उपयोग पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके नगर सहित क्षेत्र में चाट, पकौड़ी, समोसे आदि बनाने वाले घरेलू गैस सिलिंडरों का ही प्रयोग कर रहे हैं। यही नहीं नगर की कई बड़ी दुकानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों का ही प्रयोग किया जा रहा है। हालांकि कुछ दुकानों पर दिखावे के लिए व्यावसायिक सिलिंडर भी रखे देखे जाते हैं।

