Pilibhit News: कुषक दुर्घटना बीमा के जिले को 9.97 करोड़ मिले
174 लंबित थे दावे, जल्द ही आश्रितों के खातों में भेजी जाएगी रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलभीत। जिले में अलग-अलग हादसों में मृत किसानों के 174 दावे लंबित चल रहे थे। शासन से बजट जारी न होने के कारण उनके आश्रितों को भुगतान नहीं हो पा रहा था। अब नए वित्तीय वर्ष में शासन ने इसके लिए जिले को 9.97 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके तहत पहले 70 लोगों के खातों में धनराशि भेजी जाएगी।
शासन की ओर से किसानों की हादसों में मौत होने पर उनके परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये दिए जाते हैं। जिले में भी योजना के तहत कृषकों के आश्रितों ने आवेदन किए थे। आवेदनों को मंजूर करने के बाद प्रशासन ने इनको शासन के पास भेजा था। डिमांड भी भेजी गई थी, लेकिन शासन स्तर से बजट न आने के कारण ऐसे 174 मामलों में भुगतान नहीं हो पा रहा था।
अब शासन ने यहां से भेजे गई डिमांड के बाद जिले के सभी लंबित मामलों के निस्तारण के लिए 9.97 करोड़़ रुपये का बजट जारी किया है। यह धनराशि प्रशासन के पास आ गई है। धनराशि आने के बाद अब जिले के मृत किसानों के आश्रितों को सहायता देने की कवायद को शुरू किया गया है। जल्द ही उनके खातों में पांच-पांच लाख रुपये की धनराशि भेजी जाएगी।
00
कृषक दुर्घटना बीमा के तहत 9 करोड़ से अधिक की धनराशि भेजी गई है। इससे जिले के लंबित 174 दावों का निस्तारण हो जाएगा। अभी 70 लोगों के खातों में धनराशि को भेजा जा रहा है।
– राम सिंह गौतम, एडीएम वित्त एवं राजस्व