पीलीभीत

Pilibhit News: बिजली संबंधी मामलों की जांच के लिए पहुंची विधान परिषद समिति

Connect News 24

Legislative Council committee arrived to investigate electricity related matters

लोक निर्माण गेस्ट हाउस पर जांच समिति के सभापति से वार्ता करते बार एसोसिएशन के पदा​धिकारी ।

पीलीभीत। विधान परिषद की विद्युत व्यवस्था जांच समिति के सभापति डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त मंगलवार देर शाम यहां आ गए। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में संयुक्त बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा व सेंट्रल बार के महासचिव विवेक अवस्थी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रशासन व बिजली विभाग के अफसर मौजूद रहे। बुधवार सुबह कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में समिति ऊर्जा निगम के कार्यों की समीक्षा करेगी।

जांच समिति जनपद की विद्युत आपूर्ति की स्थिति, खपत, मांग, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, लाइन लॉस आदि को लेकर विद्युत विभाग के अफसरों से जानकारी लेगी। जांच समिति के सभापति डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त के नेतृत्व में टीम कुछ जगहों पर जाकर जांच पड़ताल भी कर सकती है। टीम 24 बिंदुओं पर अपनी जांच करेगी।

इसमें मुख्य रूप से जिले में कितने विद्युत बिलों में संशोधन किया गया और संशोधन के बाद कितनी छूट उपभोक्ताओं को दी गई, गलत बिल उपभोक्ता को प्रेषित करने वालों पर क्या कार्रवाई की गई, सब स्टेशनों में सिटीजन चार्ट की क्या व्यवस्था है, 1912 नंबर पर कितनी शिकायत आईं, आदि सवालों का अफसरों को जवाब देना होगा।

जांच समिति के सभापति के साथ विधान परिषद सदस्य ब्रजेश कुमार सिंह भी हैं। समिति के कुछ सदस्य तड़के यहां पहुंच जाएंगे। जांच टीम के सभापति डॉ. जयपाल सिंह का बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान सभापति ने शहर की विद्युत व्यवस्था का भी फीड बैक लिया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button