Pilibhit News: शहबाजपुर में दिखा तेंदुआ, खेतों पर नहीं गए किसान

बीसलपुर के गांव शाहबाजपुर के खेतो में विचरण करता तेंंदुआ । स्रोत – ग्रामीण
बीसलपुर। गांव शाहबाजपुर में शुक्रवार की शाम खेतों में तेंदुआ दिखने के बाद वहां दहशत फैल गई। शनिवार को लोग खेतों पर काम करने नहीं गए।
शाहबाजपुर के पूर्व प्रधान सर्वेश कुमार गंगवार ने बताया कि उनके गांव के खेतिहर क्षेत्र में शनिवार की शाम तेंदुआ देखा गया। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत में चला गया। तेंदुए को किसी ग्रामीण ने गन्ने के खेत से बाहर निकलते नहीं देखा। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुआ गन्ने के खेत में ही बैठा हुआ है।
ग्रामीणों ने शुक्रवार की शाम को ही वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी, लेकिन वन विभाग का कोई अधिकारी, कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। तेंदुए की मौजूदगी के कारण शनिवार को गांव के किसान खेतों पर काम करने तक नहीं गए। डिप्टी रेंजर अवनीश कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह गांव में टीम भेजी गई है, जो तेंदुए की निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतने को कहा गया है। संवाद

