Pilibhit News: सांसद ने दिया चेनेलाइजेशन को एनओसी दिलाने का आश्वासन

गांव चंदिया हजारा में चल रहे बेमियादी आंदोलन में पहुंचे सांसद वरुण गांधी । स्रोत -प्रदर्शनकारी
पूरनपुर। बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी निराकरण न होने के विरोध में चंदिया हजारा में चल रही क्रमिक भूख हड़ताल रविवार 21वें दिन जारी रही। धरना स्थल पर पहुंचे सांसद वरुण गांधी ने चेनेलाइजेशन को स्वीकृत दिलाने का आश्वासन दिया। दो अक्तूबर के बाद एक प्रतिनिधि मंडल को दिल्ली बुला गए। कहा कि प्रतिनिधि मंडल के साथ चेनेलाइजेशन को स्वीकृत क्यों नहीं मिल रही की जानकारी कर एनओसी दिलाने की कोशिश की जाएगी।
रविवार को क्रमिक भूख हड़ताल पर प्रेमानंद, ईश्वर, सुग्रीव, राजकुमार, प्रशांत, महंत, गौतम, अपूर्व, कनाई, प्रमथन, सुवल, प्रवीन बैठे। सांसद की सभा को सुनने को लोगों की भीड़ उमड़ी। आंदोलनकारियों ने समस्याओं का समाधान न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
सांसद रविवार सुबह पीलीभीत पहुंचे तब खमरिया पुल पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सांसद ने अमरिया ब्लॉक क्षेत्र के जंगरोली आशा, उगनपुर, सिक्लापुर, धनकुनी, धनकुना व चेहलोरा गांव में जनसंवाद कार्यक्रम किया। पूरनपुर ब्लॉक के ग्राम उदयकरनपुर गुरुद्वारा, ढक्का चाट, खिरकिया बरगदिया, चंदिया हजारा आदि ग्रामों में कार्यक्रमों में शरीक हुए और जनसंवाद के बाद जनसमस्याएं भी सुनी।