Pilibhit News: अब मेडिकल कॉलेज कर्मियों की नहीं चलेगी लेटलतीफी

बायोमेट्रिक के लिए कर्मचारियों का डाटा फीड करते कर्मचारी। संवाद
समय से पहले चले जाते थे घर, अब शुरू होगी बायोमेट्रिक हाजिरी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। स्वशासी मेडिकल कॉलेज (संयुक्त जिला चिकित्सालय) के कर्मचारियों की लेटलतीफी अब नहीं चल पाएगी। कर्मचारियों को अब हाजरी के लिए रजिस्टर पर नहीं बल्कि सोमवार से ड्यूटी की शुरुआत और ड्यूटी खत्म हो जाने पर बायोमेट्रिक मशीन का प्रयोग करना होगा। दोनों समय ऐसा न करने वाले कर्मचारी को अनुपस्थित मानते हुए उसका वेतन काटा जाएगा।
जिला अस्पताल के कर्मचारी अक्सर अस्पताल बंद होने या अपनी ड्यूटी खत्म होने के पहले ही घर चले जाते थे। कई बार ऐसे मामले मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजीव सक्सेना के सामने आए। विगत सप्ताह पर्चा काउंटर पर तैनात कर्मचारियों ने भी ऐसा ही किया और दोपहर दो बजे के बजाय डेढ़ बजे ही घर चले गए।
अब तक रजिस्टर पर सुबह हाजिरी दर्ज हो जाती थी, ऐसे में इन लापरवाह कर्मचारियों को गैर-हाजिर भी नहीं माना जा सकता था। इसको लेकर प्राचार्य ने बायोमेट्रिक हाजिरी की मशीन लगवा दी। बृहस्पतिवार को प्राचार्य ने बताया कि मशीन में कर्मचारियों का ब्यौरा संग्रहित किया जा रहा है। अगले सप्ताह से इसकी शुरुआत हो जाएगी। मेडिकल कॉलेज का प्रत्येक कर्मचारी अब ड्यूूटी की शुरुआत और ड्यूटी के खत्म होने पर उपस्थिति बायोमेट्रिक दर्ज कराएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया है यदि किसी कर्मचारी ने ड्यूटी छोड़ने से पहले बायोमेट्रिक नहीं दर्ज कराई जो उसे अनुपस्थित मानकर उसके वेतन को भी काटा जाएगा।
00
मेडिकल कॉलेज में इतने हैं कर्मचारी
नियमित- 109
आउटसोर्स-09
संविदा – 120
00
बायोमेट्रिक हाजिरी का डाटा उच्चाधिकारियों को भी भेजा जाएगा। मॉनीटरिंग चिकित्सा शिक्षा विभाग करेगा। इसमें डॉक्टर, स्टाफ नर्स, वार्ड ब्यॉय, स्विपर व कार्यालय के सभी कर्मचारी हाजिरी दर्ज कराएंगे। लापरवाही का कोई सवाल नहीं है।
– डॉ संजीव सक्सेना, प्राचार्य , स्वशासी मेडिकल कॉलेज