Pilibhit News: उजड़े विद्यालय को किया गुलजार, हरियाली के कायल हो रहे लोग

प्रा0वि0नगरा ता0शहपुरा प्रधानाध्यापक ने विद्यालय परिसर का किया कायाकल्प। संवाद
पर्यावरण प्रहरी…………
प्रधानाध्यापक हरिपाल ने खुद के संसाधनों से विद्यालय परिसर का किया कायाकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। प्रकृति प्रेम की ललक मन में हो तो पर्यावरण को बचाना आसान हो जाता है। इसी के चलते एक प्रकृति प्रेमी अध्यापक हरिपाल ने प्राथमिक विद्यालय नगरा तालुके शहपुरा की तस्वीर ही बदल दी।
जनवरी 2020 में विद्यालय की बाउंड्रीवॉल टूटने के बाद प्रधानाचार्य हरिपाल ने विद्यालय परिसर के भौतिक परिवेश को सुधारने का विचार बनाया। विद्यालय के संसाधनों का समुचित उपयोग करके व अपने निजी खर्चे से विद्यालय के उबड़-खाबड़ परिसर को जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर आदि से समतल करा दिया। इसके बाद विविध प्रकार के सजावटी ,पुष्पाच्छादित, फलदार, मसालेदार, सब्जीदार व औषधीय पौधों को बच्चो, रसोइयों, सफाई कर्मचारी व एसएमसी अध्यक्ष के सहयोग से विद्यालय परिसर में रोपित किया और मैदान में घास लगायी।
जुलाई 2020 में शुरू किया गया कार्य आज अपने पूरे रंग में दिखाई दे रहा है। बेहतर देखरेख के कारण विविध प्रजातियों के पौधों ने प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण एक मनोहारी रमणीक स्थल बना दिया है। शिक्षक का यह प्रयास पूरे गांव व अन्य विद्यालयों के शिक्षकों के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुका है।



