Pilibhit News: पुलिस ने 13वें दिन दर्ज की बलवे की रिपोर्ट
– 12 अप्रैल को सहकारी क्रय-विक्रय समिति के चुनाव को दौरान हुई थी घटना
– घटना वाले दिन दी गई थी तहरीर, अब लिखी पुलिस ने रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। क्रय-विक्रय समिति के चुनाव के दौरान 12 अप्रैल को हुए बलवे की रिपोर्ट पुलिस ने सोमवार को घटना के 13वें दिन दर्ज कर ली। इसमें 10 हमलावरों को नामजद किया गया है, जबकि 100 लोग अज्ञात बताए गए हैं।
कोतवाली के गांव गुलैंदा गौटिया निवासी कामता प्रसाद वर्मा ने बताया कि 12 अप्रैल को नगर की सहकारी क्रय-विक्रय समिति में संचालक का चुनाव हो रहा था। कामता प्रसाद भी इस चुनाव में संचालक के प्रत्याशी थे। कामता प्रसाद को वोट डालने के बाद समिति परिसर से बाहर निकाल दिया गया, लेकिन समिति द्वार पर मौजूद असामाजिक तत्वों को नहीं हटाया गया ।
कामता प्रसाद जैसे ही समिति परिसर से बाहर निकले, वैसे ही वहां पहले से ही मौजूद काफी लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। कामता प्रसाद से कहा कि उनका वोट पड़ चुका है, लेकिन अब उनके पक्ष में कोई वोट नहीं पड़ेगा। विरोध करने पर कामता प्रसाद को लात घूंसों से पीटा, गाली-गलौज की, जमीन पर पटक दिया और उनका गला दबा दिया।
तहरीर देने के बाद पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही थी। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि कामता प्रसाद की तहरीर पर बलवा, मारपीट, गाली गलौज करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में चंद्रपाल शर्मा, रोहित तिवारी, मुकेश उपाध्याय, पीयूष मिश्रा, शानू जायसवाल, विक्रम जायसवाल, अवनीश रतन, अरविंद गंगवार, उर्फ बंटू, राजू भइया शर्मा और विमल मिश्रा को नामजद किया गया है। रिपोर्ट में 100 लोगों को अज्ञात बताया गया है।
गांव लाह में हुई मारपीट के मामले में बलवा की रिपोर्ट दर्ज
पूरनपुर। गांव लाह में बृहस्पतिवार को गन्ने की फसल को लेकर दो सगे भाइयों में मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से बलवा, गाली-गलौज कर मारपीट करने, धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी लाकर मेडिकल कराया था। एक पक्ष के राजकुमार ने अपने भाई राजकुमार आदि पर गाली-गलौज कर मारपीट कर धमकाने का आरोप लगाया। जबकि दूसरे पक्ष की ओर जबरिया खेत से गन्ना काटने की कोशिश, घर में घुसकर मारपीट की शिकायत की गई थी। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि जांच में विवाद पर दोनों पक्षों में मारपीट होने का मामला पाया गया। राजकुमार की ओर से उसके सगे भाई प्रेमकुमार, जंगबहादुर, प्रेमकुमार की पुत्री रोली, पुत्र कपित, जंगबहादुर की पुत्री निशा, सीमा के खिलाफ जबकि जंंगबहादुर की पत्नी क्रींती की ओर से राजकुमार, राधा देवी, राजकुमार के साले, ससुर, साले के पुत्र और सात अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद

