Pilibhit News: शिक्षामित्रों ने मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

समान वेतन, महिलाओं को ससुराल वाले इलाके में स्कूल देने की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। आदर्श समायोजित शिक्षक-शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा शिक्षामित्रों व उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित करने के संबंध में शुक्रवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित प्राथमिक विद्यालयों में लगभग 1.50 लाख शिक्षामित्र विगत 23 वर्षों से निरंतर शिक्षण कार्य कर रहे हैं।
एक फैसले से शिक्षामित्रों एवं उनके परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। इन परिस्थितियों में मानसिक प्रताड़ना झेल रहे लगभग आठ हजार से अधिक शिक्षामित्रों की मृत्यु भी हो चुकी है। ज्ञापन में संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार समान कार्य करने के लिए समान वेतन लागू करते हुए शिक्षामित्रों को शिक्षकों के समान वेतन देने, पूर्व की भांति मूल विद्यालय वापसी का आदेश देने, महिलाओं को उनकी ससुराल के विद्यालय में भेजने एवं मृतक शिक्षामित्रों के परिवार को सरकारी नौकरी और मुआवजा देने की मांग की गई।
ज्ञापन देने वालों में महेन्द्रपाल वर्मा, प्रेम प्रकाश, संजीव कुमार कुशवाहा, रामवीर, राम सिंह राठौर आदि रहे।



