Pilibhit News: प्राइमरी स्कूल में छात्र हुआ बेहोश, परिजन ने किया हंगामा
बीसलपुर/चुर्रासकतपुर। सीएचसी की टीम ने मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय महादेवा के बच्चों की कोरोना जांच की। जांच के दौरान कक्षा पांच का छात्र विजय बेहोश हो गया। घर वालों ने काफी हंगामा किया। बेहोश छात्र को एबुलेंस से सीएचसी ले गई। छात्र आधा घंटे में ही ठीक हो गया। सीएमओ ने कहा घबरा जाने से बच्चा बेहोश हुआ।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने 105 बच्चों की जांच की थी। टीम जब आखिरी बच्चे विजय की जांच कर रही थी, तभी वह बेहोश होकर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही परिजन, गांव के काफी लोग, चुर्रासकतपुर चौकी पुलिस और प्रधान प्रतिनिधि कामिल बख्श मौके पर पहुंंच गए। हंगामा करने लगे लेकिन जब छात्र ठीक हो गया तो सब शांत हो गए। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि छात्र घबरा गया था और बेहोश हो गया, लेकिन सीएचसी लाने के बाद आधा घंटे मेें ही ठीक हो गया । परिजन भी संतुष्ट होकर गए। संवाद