Pilibhit News: शिक्षक दंपती के बंद घर के ताले तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी

चोरों द्वारा फेके गए पर्स व अन्य सामान ।
पूरनपुर। शिक्षक दंपती के बंद घर के ताले तोड़कर चोर करीब एक लाख रुपये के सोने- चांदी के जेवरात चुरा ले गए। मोहल्ला बमनपुरी निवासी सुखविंदर सिंह ने पुलिस को चोरी की तहरीर दी।
घटना 14 नवंबर आधी रात के बाद की है। कानपुर निवासी अंकित सिंह लक्ष्य डिग्री कॉलेज में प्रवक्ता हैं। उनकी पत्नी पिंकी सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। शिक्षक दंपती मोहल्ला बमनपुरी में सुखविंदर सिंह के घर की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहते हैं। घर केे नीचे सुखविंदर सिंह की वर्कशाप है। अंकित सिंह अपनी पत्नी पिंकी सिंह के साथ दिवाली के अवकाश पर किराए के घर में ताला डालकर 10 नवंबर को पैतृक घर कानपुर गए थे। 15 नवंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिक्षक दंपती के घर पर पानी देने पहुंचे युवक ने जीने का ताला खुला पाया। आवाज देने पर किसी के बाहर न निकलने की जानकारी उसने प्रवक्ता को मोबाइल पर दी। तब प्रवक्ता को घर में चोरी होने की जानकारी हुई। उन्होंने मोबाइल पर मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।
बताया जाता है कि चोर ऊपरी मंजिल को जाने वाले जीने का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए थे। घटना की जानकारी पर पहुंचे प्रवक्ता ने बताया कि दो चांदी की कटोरी, दो चांदी के गिलास, दो चम्मच, बच्चे के चांदी के खडुआ, करधनी, सोने की चेन, अंगूठी, दो नथ और ढाई हजार रुपये चोरी गए हैं। चोर खाली पर्स आदि पड़ोस में खाली पड़ी जगह में छोड़ गए।
नगर चौकी इंचार्ज प्रद्युम्मन सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पड़ोस की जगह में पड़े खाली सामान की वीडियो बनाई और फोटोग्राफी की। इसके बाद भी पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। नगर चौकी इंचार्ज प्रद्युम्मन सिंह ने बताया कि चोरी की जानकारी हुई है। मौके पर पहुंचकर शिक्षक दंपती से जानकारी की जाएगी।

