Pilibhit News: रेस्टोरेंट को बम से उड़ाने की धमकी, संचालक सेे बदसलूकी
– चार लोगों के खिलाफ एफआईआर, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
– मंगलवार रात में खराब होते बचा शहर का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शहर के गांधी स्टेडियम रोड पर मंगलवार रात को एक रेस्टोरेंट में झगड़ा हो गया। एक समुदाय के युवकों ने संचालक से गाली-गलौज कर रेस्टोरेंट को बम से उड़ाने की धमकी दी। ऐसे में संचालक के पक्ष में हिंदू संगठन के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद रंगीलाल चौराहा पर भीड़ लग गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहल्ला नई बस्ती के विजय गंगवार का कोतवाली से कुछ दूर गांधी स्टेडियम रोड पर गो-69 रेस्टोरेंट है। मंगलवार रात 9:30 बजे रंगीलाल चौराहे के पास रहने वाला गुफरान अपने तीन दोस्तों को लेकर रेस्टोरेंट पहुंचा। यहां चारों लोगों का रेस्टोरेंट स्वामी से विवाद हो गया। आरोप है कि गुफरान ने रेस्टोरेंट स्वामी के साथ गाली गलौज कर रेस्टोरेंट को बम से उड़ाने की धमकी दी।
विजय आरएसएस कार्यकर्ता बताए जाते हैं। इसके बाद जब रेस्टोरेंट स्वामी रंगीलाल चौराहे पर गया तो उन्हें रात 10:30 बजे घेर लिया गया। यहां भीड़ जमा हो गई। देर रात तक हंगामा होता रहा। अफवाह फैल गई कि एक प्रमुख दल के नेता को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सुनगढ़ी थाने में नेताओं का जमावड़ा लग गया।
बाद में विजय ने दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि चारों लोगों ने उससे गाली-गलौज की। मना करने पर मारपीट की कोशिश की। साथ ही रेस्टोरेंट को बम से उड़ाने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर जगत सिंह नेे बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी गुफरान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

