Pilibhit News: अतिक्रमण हटाओ अभियान में पक्षपात के आरोप पर हंगामा
पूरनपुर। नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित की मौजूदगी में नगर में बुधवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। पहले दिन अभियान मात्र प्रतिष्ठानों के बाहर बने चबूतरों तक सीमित रहा।
वकील और रोटरी क्लब रॉयल्स के संस्थापक अध्यक्ष कौशलेंद्र भदौरिया ने पक्षपात ढंग से अतिक्रमण हटाने का आरोप लगाते हुए जेसीबी मशीन के आगे बैठकर हंगामा किया। कुछ वकील और अन्य लोगों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस पर मात्र कुछ देर चलकर पहले दिन का अभियान बंद कर दिया गया।
नगर के स्टेशन रोड, कोतवाली रोड, बाजार रोड, ब्लॉक रोड, शेरपुर रोड, माधोटांडा रोड समेत नगर के अधिकांश सड़कों और गलियों में अतिक्रमण किया गया है। स्टेशन रोड पर स्टेट बैंक के समीप दुकानों के बाहर सामान रखने की होड़ से रोज जाम लगता है। बुधवार को कोतवाली रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। अभियान में दुकानों के बाहर बनाए गए सीमेंट के चबूतरों को हटवाया गया।
वकील कौशलेंद्र भदौरिया ने पक्षपातपूर्ण तरीके से अभियान चलाने का आरोप लगाते हुए जेसीबी के सामने बैठकर अपना विरोध जताया। हंगामे के चलते पहले दिन का अभियान मात्र कुछ देर चलकर बंद हो गया।
नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित ने बताया कि जिन लोगों के दुकानों के बाहर ऊंचे चबूतरे बना रखे थे। इससे सड़क का पानी नाले तक नहीं पहुंच रहा था। ऐसे चबूतरों को तुड़वाया गया है। पक्षपात का आरोप बेवजह लगाकर हंगामा किया गया। बृहस्पतिवार को फिर अभियान चलेगा।