नन्हे हत्याकांड : रिश्तेदारों की तरफ घूमी पुलिस की शक की सुई
रामपुर। हफ्ते भर पूर्व हुई शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी मजदूर नन्हे (40) की हत्या की गुत्थी उलझती चली जा रही है। हफ्ते भर से हत्या की गुत्थी को सुलझाने में लगी पुलिस को सीडीआर से कई अहम कड़ियां हाथ लगी हैं। पुलिस के शक की सूई रिश्तेदारों की तरफ घूम गई है। अब पुलिस रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। पिछले हफ्ते सोमवार सुबह नन्हे का शव लहूलुुहान हालत में गांव से एक किलोमीटर दूर दूसरे गांव जाहिदपुर स्थित कब्रिस्तान के निकट घूरे पर पड़ा हुआ मिला था। घटना के बाद रामपुर एसपी राजेश द्विवेदी मुआयने के लिए पहुंचे थे। इसके बाद शाहबाद थाने से तीन टीमें और एक सर्विलांस टीम का गठन कर दिया गया था। चारों टीम में हत्याकांड गुत्थी को सुलझाने में लगी हुई है। हफ्ताभर बीत जाने के बाद भी पुलिस गुत्थी नहीं सुलझा पाई है।
सर्विलांस की ओर से मिले सीडीआर को देखकर पुलिस के शक की सूई रिश्तेदारों में घूम गई है। पुलिस को मिली सीडीआर में जांच के दौरान कई कड़ियां जुड़ती हुई नजर आ रही है। सीओ अतुल कुमार पांडे ने बताया कि पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।