बच्ची को जन्म देते ही चल बसी थीं राजपाल यादव की पहली पत्नी,फिर कनाडा की लड़की से की दूसरी शादी
Rajpal Yadav First Wife: बडे़ पर्दे पर सबको अपनी बातों से हंसाने वाले एक्टर राजपाल यादव की निजी जिंदगी कठिनाइयों से भरी रही है. राजपाल की पहली शादी करुणा नाम की लड़की से हुई थी, लेकिन पहली बेटी ज्योति को जन्म देते समय उनकी मौत हो गई थी. इसके बाद राजपाल ने कनाडा की लड़की राधा से 10 जून, 2003 को शादी कर ली थी. शादी के बाद राधा ने दो लड़कियों हर्षिता और रेहांशी को जन्म दिया.
राजपाल यादव ने लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे वह अपनी पहली पत्नी की मौत के सदमे से उभरे और कैसे उनकी दूसरी पत्नी ने पूरे परिवार को संभाला.
20 साल की उम्र में हुई पहली पत्नी की मौत
इंटरव्यू में उन्होंने बताया- जब वह 20 साल के थे, तब ही उनकी पहली पत्नी का निधन हो गया था. उस समय राजपाल की नौकरी किसी कपड़े की फैक्ट्री में लगी थी और उनके पापा ने उनकी शादी करवा दी थी. ”उस समय अगर आप नौकरीपेशा 20 साल के लड़के होते थे तो लोग शादी करने के लिए कहने लगते थे. इसलिए मेरे पापा ने मेरी शादी करवा दी थी. मेरी पहली पत्नी ने बच्ची को जन्म दिया था और उनकी मौत हो गई थी. मैं अगले दिन उनसे मिलने वाला था, लेकिन अगले दिन मैं उनकी अर्थी अपने कंधे पर उठा रहा था. लेकिन मेरी मम्मी, भाभी की वजह से मेरी बेटी को कभी महसूस नहीं हुआ कि उसकी मां नहीं है. वह बहुत प्यार के साथ बड़ी हुई है.
राजपाल की पहली पत्नी करुणा का 1991 में निधन हो गया था. इसके बाद राजपाल को इंडस्ट्री में नाम बनाने में 13 साल लग गए थे. इस दौरान उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में पढ़ाई की और कई टीवी शो और फिल्म्स में काम किया. साल 2003 में उन्होंने राधा से शादी की.
ऐसे हुई राधा से मुलाकात
राधा से पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए राजपाल ने कहा- ”मैं 31 का था, जब राधा से मिला था. मैं 2001 में द हीरो की शूटिंग के लिए गया था. वहां मेरी उनसे मुलाकात हुई थी. दोनों परिवारों की रजामंदी से हमने साल 2003 में शादी कर ली थी.”
राजपाल ने बताया कि राधा बहुत जल्दी और अच्छे तरीके से परिवार से घुल-मिल गईं. उन्होंने बताया कि वह गांव के रीति-रिवाज भी निभाती हैं. ” यकीन मानिए, मैंने कभी अपनी पत्नी को साड़ी पहनने के लिए नहीं कहा. जिस तरीके से मैं अपनी मम्मी से बात करता हूं, वह भी वैसे ही करती हैं. उन्होंने भाषा भी सीख ली. एक दिन जब मैं गांव गया तो मैंने देखा कि वह मुंह ढककर बैठी हुईं हैं. जब भी वह गांव जाती हैं-होली या दीवाली, कोई उन्हें देख कर बता ही नहीं सकता कि उन्हें पांच भाषाएं आती हैं.”
ऐसा है ज्योति संग राधा का रिश्ता
राजपाल ने बताया कि राधा ने उनकी पहली बेटी ज्योति को भी बहुत प्यार से अपनाया है और दोनों का बहुत खूबसूरत रिश्ता है. ”मेरे गुरु, पेरेंट्स के बाद मेरी पत्नी ने मुझे जिंदगी में 100 प्रतिशत सपोर्ट किया है. राधा ने मेरी पहली पत्नी की बेटी को भी अपनी बेटी की तरह पाला है. ज्योति आज लखनऊ में हैं, उनकी शादी हो गई है. इसका क्रेडिट मेरे परिवार और राधा को जाता है.”
यह भी पढ़ें:
जब पहलाज निहलानी बदलना चाहते थे Chunky Pandey का नाम, एक्टर ने शेयर किया मजेदार किस्सा