Rampur News: रामनगर बैराज से 11805 क्यूसेक पानी छोड़ा, कोसी का जलस्तर फिर बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sat, 19 Aug 2023 01:40 AM IST
दढ़ियाल। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के चलते शुक्रवार को कोसी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। उत्तराखंड के रामनगर बैराज पर तैनात कर्मचारी संदीप कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे बैराज से 3462 क्यूसेक पानी पास हो रहा था जबकि रात को 12 बजे बैराज से 11805 क्यूसेक पानी पास किया गया। इससे दढ़ियाल में शुक्रवार को नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। बढ़े जलस्तर के चलते कोसी नदी में डूबे किशोर को तलाशने में गोताखोरों और बाढ़ राहत दल के सदस्यों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को कोसी नदी में बहे 16 वर्षीय किशोर को स्थानीय गोताखोरों और बाढ़ राहत दल के सदस्यों ने देर शाम तक तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चल सका। अंत में पुलिस प्रशासन को अंधेरे के चलते रात साढ़े 8 बजे के करीब अभियान को रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह पुलिस और तहसील प्रशासन के लोग जब पुनः तलाशी अभियान चालू करने के लिए बाढ़ राहत दल के सदस्यों के साथ कोसी नदी के किनारे पहुंचे तो नदी का जलस्तर पिछले दिन के मुकाबले काफी बढ़ा हुआ था। इससे टीम की परेशानियां बढ़ गयी। टीम के सदस्यों का कहना था कि जलस्तर बढ़ने से किशोर के शव को नदी की तलहटी और दोनों किनारे पर तलाशने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है।