Rampur News: 32 महिलाओं से 80 लाख की ठगी
रामपुर।
मिलक क्षेत्र की 32 महिलाओं के नाम पर 80 लाख रुपये का लोन ले लिया गया। एजेंटो ने यह लोन अपने खाते में जमा करवा लिया। ठगी की शिकार हुई महिलाओं ने इस मामले की शिकायत डीएम से की है।
मिलक क्षेत्र के धनेली उत्तरी गांव निवासी इंद्रा समेत कई महिलाएं सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं,जहां डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा कि गांव की 32 महिलाओं को रोजगार दिलाने के नाम पर एक निजी बैंक व फाइनेंस कंपनी के एजेंटों ने 80 लाख रुपये का लोन लिया था। लोन लेने के बाद एजेंटों ने यह रकम अपने खाते में जमा करा ली। कहा कि लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से रुपये भी लिए गए। महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
युवक से लूट का मामला झूठा निकला : पटवाई।
बीते रविवार सुबह करीब नौ बजे पटवाई थाना क्षेत्र के रेहटगंज गांव के पास शराब की दुकान के सेल्समैन ने अपने साथ चार लोगों द्वारा पैसे लूटने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच के दौरान घटना को संदिग्ध माना था। इसके बाद पुलिस की लगातार जांच के बाद पता चला कि युवक ने पैसों के तनाव में इस घटना को खुद ही अंजाम दिया है। शाहबाद सीओ के एन आनंद ने बताया कि सेल्समैन युवक का भाई कुछ दिन पहले एक मुकदमे में जेल गया था। जिसके बाद सेल्समैन युवक पैसे के तनाव में था। पैसे के तनाव के कारण युवक ने इस घटना को खुद ही अंजाम दे दिया था। सेल्समैन ने खुद इस बात को मान लिया है कि उनके साथ कोई घटना नहीं हुई है। सेल्समैन ने जिन दो युवकों पर लूट का अंजाम लगाया था, वह उसके भाई के मुकदमे के वादी हैं। संवाद