Rampur News: फरवरी तक आएंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, संचालन की तैयारी शुरू
रामपुर। लंबे समय से सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग अब जल्द पूरी होने वाली है। रामपुर के लिए अब जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक बसें आने वाली हैं। यह बसें रामपुर से मिलक, धमौरा, स्वार, टांडा के साथ अन्य क्षेत्रों के लिए चलेंगी। बसें खड़ी करने के लिए वर्कशाप के लिए जगह चिन्हित कर ली गई है। साथ ही पालिका और बिजली विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के लिए कहा गया है। फरवरी माह के प्रथम सप्ताह तक बसें आने की उम्मीद है।सुबह करीब सात से 11 बजे के बीच नौकरीपेशा ओर अन्य जगह आने वाले लोग रोडवेज पर इकट्ठे होते हैं। यहां से मिलक, स्वार, टांडा और धमौरा तक जाने के लिए उनको रोडवेज बसें नहीं मिल पाती। रोडवेज चालक-परिचालक साफ तौर पर बीच में गाड़ी न रोकने का हवाला देकर उनको नहीं बैठाते हैं। मजबूरन उनको टेंपो का सहारा लेना पड़ता है। यात्रियों से मनमाना शुल्क लिया जाता है। शहरवासियों को अब इससे निजात मिलने वाली है।
केंद्र सरकार की योजना के तहत रामपुर को 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। यह बसें रामपुर और अन्य क्षेत्रों में चलेंगी। जिससे आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने मंडी के समीप पैगा गांव के पास पांच एकड़ जमीन चिह्नित कर ली है। जहां पर यह बसें खड़ी की जाएंगी।
रामपुर में अब 50 इलेक्ट्रिक बसें आने वाली हैं। इसके लिए अभी पालिका और बिजली विभाग से एस्टीमेट तैयार हो रहा है। ये बसें फरवरी तक आ जाएंगी। -दीपचंद्र जैन, एआरएम, रामपुर