रामपुर

Rampur News: संपूर्ण समाधान दिवस में आई 53 शिकायतें, छह का निस्तारण

Connect News 24

रामपुर। टांडा में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को विशेष संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 53 शिकायतें आईं, जिनमें से छह का मौके पर ही निस्तारण हो गया। इस दौरान संगठनों व स्थानीय लोगों ने तहसील क्षेत्र में खनन के डंपरों से हो रही मौतों का मुद्दा उठाया। जिस पर डीएम ने कार्रवाई करने की बात कही है। बीते शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में न पहुंचने पर डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने बृहस्पतिवार को तहसील में संपूर्ण दिवस का आयोजन कराया। करीब साढ़े 12 बजे पहुंचे डीएम को व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हाजी मुशर्रफ अली के नेतृत्व में पदाधिकारियों व वार्ड सभासद अफसर अली ने एक पत्र सौंपा, जिसमें कहा कि टांडा के मुख्य मार्ग से होकर सैकड़ों अवैध खनन के वाहन गुजरते है। मोड पर भी यह वाहन तेजी से निकलते है, जिनसे आए दिन हादसे हो रहे है।

उन्होंने नगर में स्पीड ब्रेकर लगाने, बड़े वाहनों का दिन में नगर में प्रवेश वर्जित करने तथा अवैध खनन के वाहनों पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है। वहीं समाधान दिवस में पहुंचे किसानों ने रास्तों को कब्जामुक्त कराने की मांग की। इस पर डीएम ने नायब तहसीलदार को एक सप्ताह में अवैध कब्जा हटवाने और बीडीओ स्वार से एक सप्ताह के भीतर मार्ग का निर्माण करवाने के आदेश दिए।

बार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जेपी सिंह सैनी व महासचिव माजिद सैफी केडी नेतृत्व में वकीलों ने ज्ञापन देते हुए कहा कि जिले की अन्य तहसीलों में ग्राम न्यायालय की कार्रवाई विधिवत सुचारू है, लेकिन तहसील में अभी ग्राम न्यायालय की स्थापना नहीं हुई है। तहसीलदार की स्थाई नियुक्ति नहीं है। समाधान दिवस में टांडा एसडीएम अरुण कुमार, सीएमओ डॉ एसपी सिंह, मंडी सचिव सुभाष चन्द्र सक्सेना मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button