Rampur News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक-दूजे के हुए 651 जोड़े
रामपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बृहस्पतिवार को 651 जोड़े एक-दूसरे के हो गए। इस दौरान जहां हिंदू जोड़ों ने साफ फेरे लिए तो वहीं मुस्लिम जोड़ों ने कुबूल है कहा। एक तरफ मंत्रोच्चार चल रहा था तो दूसरी तरफ निकाह कराया गया।
शहर के आगापुर बाईपास स्थित गीत गोविंद रिजॉर्ट में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब परिवार की बेटियों की शादी कराई गई। जिसमें सभी ब्लॉक व नगर निकाय के लाभार्थी शामिल हुए। इस मौके पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, शहर विधायक आकाश सक्सेना सहित जिले के तमाम अधिकारी बने। सामूहिक विवाह समारोह में अतिथियों ने विवाह बंधन में बंधे नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री विवाह समारोह में योजना के तहत जरूरत का सामान भी दिया गया और परिवार के लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी थी। सांसद ने कहा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में बिना भेदभाव के गरीब बेटियों की शादी कराई जा रही है। हमारी सरकार समाज के हर वर्ग के लिए काम कर रही है। योजना का लाभ देने में किसी का चेहरा नहीं देखा जाता है। कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों के लोग भाजपा के साथ हैं।
भाजपा विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास के एजेंडे पर कार्य कर रही है। हर गरीब परिवार को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। इससे पहले डीएम रविंद्र कुमार मांदड़, सीडीओ नंद किशोर कलाल संग अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी, जिला विकास अधिकारी डीएन तिवारी, डीसी मनरेगा मंसाराम यादव सहित सभी ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।