Rampur News: कुत्तों के झुंड ने पांच साल के बच्चे को किया लहूलुहान
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 09 Aug 2023 01:38 AM IST
स्वार। क्षेत्र के सोनकपुर गांव में कुत्तों के झुंड ने घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय रेहान पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने उसके शरीर को बुरी तरह से नोंच डाला। चीख पुकार सुनकर परिजन लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह कुत्तों को भगाया और बच्चे को लहूलुहान हालत में स्वार सीएचसी पहुंच गए।
रामपुर मार्ग स्थित थाना टांडा अंतर्गत सोनकपुर गांव निवासी मुबीन अली का पांच वर्षीय बेटा मंगलवार की शाम सात बजे अपने घर के बाहर गांव के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान कुत्तों का झुंड उधर से गुजरा। बच्चे कुत्तों को देखकर भागने लगे। कुत्तों के झुंड ने बच्चों को पीछे दौड़ लगाई और रेहान को दबोच लिया। साथ के बच्चे किसी तरह भागने में सफल रहे। कुत्तों ने रेहान को बुरी तरह से नोच डाला। उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग बाहर निकल आए। उन्होंने लाठी-डंडों से कुत्तों को भगाते हुए रेहान को बचाया। इस दौरान रेहान बुरी तरह से जख्मी हो चुका था। उसके सिर, टांग और हाथों में काटा था।