Rampur News: मूसलाधार बारिश के बीच प्रशासन सतर्क, खोले गए कंट्रोल रूम
रामपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद प्रशासन एक्टिव हो गया है। प्रशासन ने तहसीलवार कंट्रोल रूम खोल दिए हैं साथ ही बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया है। इसके साथ ही लोगों को नदी किनारे न जाने की भी सलाह दी गई है। डीएम ने साफ किया है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी तरह की समस्या होने पर कंट्रोल रूम से संपर्क करें।जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारी और अधिशासी अधिकारी के साथ-साथ ग्राम स्तर पर तैनात लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिवों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के लिए निर्देश दिए हैं। कहा कि किसी प्रकार की जनहानि, पशुहानि या मकान क्षतिग्रस्त होने के मामले में तत्काल राहत पहुंचने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित एसडीएम को मौके पर भेज कर राहत दिलाई। उन्होंने नदी के तटीय क्षेत्रों में लोगों को राहत दिलाने और जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की दशा में तत्काल रूप से लोगों को सूचित करने सहित विभिन्न प्रकार से बेहतर प्रबंधन के लिए सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय बनाए रखने के लिए भी सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं।
इन नंबरों पर दर्ज कराएं शिकायत
बिलासपुर- 9457466484
शाहबाद -9149088640
मिलक – 6396994400
टांडा -9634296922
स्वार -8439793264
सदर- 9536438925
जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम
9068302632, 0595-2350404
व्हाट्सएप नंबर- 9068302632