Rampur News: बारिश के बाद सड़कों पर फैला कूड़ा, उठती दुर्गंध ने लोगों को किया बेहाल
रामपुर। दो दिन की बारिश ने नगर पालिका के डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अभियान की पोल खोल दी। बारिश के बाद पूरा शहर गंदगी से पटा नजर आया। जगह-जगह चोक नालों-नालियों से निकला गंदा पानी और कचरा ही सड़कों पर फैला नजर आया। कचरे से उठती दुर्गंध के बीच लोगों का निकलना दूभर हो गया। सोमवार को तेज धूप निकलने के बाद भी नगर पालिका ने साफ-सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं कराया।
शहर में 43 वार्ड हैं और इन वार्डों से रोजाना 161 टन कचरा बमनपुरी अस्थायी ट्रंचिंग ग्राउंड में फेंका जाता है। नगर पालिका के डोर-टू -डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों के जरिए कूड़ा उठान होता है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के दौरान कूड़ा उठाने वाले वाहन मोहल्लों तक नहीं पहुंचे। नतीजा यह हुआ कि लोगों ने अपना कचरा मोहल्ले में फेंक दिया। बारिश में बहकर यह कचरा सड़कों पर बिखर गया।
सोमवार को जब बारिश थमी तो शहर के हालात बेहद खराब दिखाई दिए। सुबह से सड़कों पर गंदगी बजबजाती नजर आई। अस्पताल रोड, शाहबाद गेट रोड, ज्वालानगर, पहाड़ी गेट, पीडब्ल्यूडी कार्यालय समेत कई इलाकों में कचरा फैला पड़ा रहा। बारिश थमने के बावजूद पालिका ने इसको उठाने की जहमत नहीं उठाई। पूरे दिन लोग गंदगी के बीच से नाक बंदकर निकलते दिखाई दिए।