Rampur News: अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट पहुंचे आजम और अब्दुल्ला
रामपुर। जौहर यूनिवर्सिटी में पालिका की सफाई की मशीन बरामद होने के मामले में नामजद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट में दाखिल की है। कोर्ट में अब इस मामले की सुनवाई तीन अक्तूबर को होगी।सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दोस्त सालिम और अनवार की निशानदेही पर पुलिस ने कुछ माह पहले जौहर यूनिवर्सिटी से रामपुर नगर पालिका की रोड क्लीनर मशीन बरामद की थी। यह मशीन यूनिवर्सिटी कैंपस में दबाई गई थी। इस मामले में पालिका की ओर से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम व अनवार व सालिम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस विवेचना कर चुकी है और चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल कर चुकी है।
सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां और उनके पूर्व विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम को इस मामले में जमानत मिलनी बाकी है। सपा नेता के अधिवक्ता की ओर से दोनों की अग्रिम जमानत याचिका एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में दाखिल की है। एडीजीसी सीमा राणा ने बताया कि कोर्ट में दोनों आरोपियों की ओर से अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है, जिस पर अब तीन अक्तूबर को सुनवाई होगी।