रामपुर

Rampur News: उद्योग लगाने में आने वाली हर बाधा होगी दूर

Connect News 24

रामपुर। उद्योग लगाने में आ रही बाधाओं को दूर कराने की कवायद प्रशासन ने तेज कर दी है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि उद्यमियों की समस्याओं का प्रमुखता से निस्तारण करें, जिससे उद्योगों की स्थापना में कोई अड़चन न आए। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।सरकार की ओर से उद्यमियों को निवेश के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है। रामपुर में निवेश करने वालों के सामने समस्याएं आ रही हैं। किसी को जमीन की समस्याएं आ रही हैं किसी को अन्य दिक्कतें आ रही हैं, जिसकी वजह से उद्यमी परेशान हैं। इस मुद्दे को शुक्रवार के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इस पर अब प्रशासन हरकत में आ गया है।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को उद्योग बंधु की बैठक में अफसरों के साथ ही उद्यमियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने इन्वेस्टर समिट के दौरान हुए एमओयू को धरातल पर लाने के लिए निवेश सारथी पोर्टल पर की जा रही भूमि की मांग, प्लेज पार्क से संबंधित प्रकरण, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएमईजीपी, एमवाईएसवाई एवं ओडीओपी योजना व आईजीआरएस से संबंधित प्रकरण, कानून व्यवस्था से संबंधित बिन्दुओं के साथ साथ स्वार क्षेत्र के गंदे पानी को मिनी औद्योगिक आस्थान स्वार में आने से रोकने के संबंध में आदेश दिए। कहा कि उद्यमियों के सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।

उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार ने बताया कि कैपिटल सब्सिडी से संबंधित दो प्रकरण जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र को प्राप्त हुए थे। दोनों प्रकरण परीक्षण के बाद शासनादेश के अनुसार संयुक्त आयुक्त उद्योग मुरादाबाद मंडल, मुरादाबाद को प्रेषित कर दिए गए हैं। इस दौरान अंबिका प्लाईवुड इंडस्ट्रीज द्वारा शेड्यूल के अनुसार विद्युत आपूर्ति दिलाए जाने की मांग की गई। जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी परीक्षण बाद समस्या का निदान करें।मैसर्स गणेशा इको स्पीयर के द्वारा फैक्टरी के पास शराब की दुकान पर जमावड़ा रहने तथा उनकी इकाई में असुविधा होने का प्रकरण उठाया, जिस पर क्षेत्राधिकारी बिलासपुर को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button