Rampur News: बकरीद आज, सुबह सात बजे से अदा की जाएगी नमाज
रामपुर। बकरीद पर आज सुबह सात बजे से लेकर साढ़े आठ बजे तक नमाज अदा की जाएगी। जिले के सभी ईदगाहों और जामा मस्जिदों में इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परिसर के अंदर ही नमाज पढ़ने की अपील की गई है। बुधवार देर शाम तक प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
गुरुवार को बकरीद का त्योहार है। रामपुर में इसके लिए नगर पालिका की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर ईदगाह में दरियां बिछा दी गयी हैं। माइक आदि के साथ पानी के टैंकर भी खड़े करवा दिए गए हैं। नमाज के दौरान छुट्टा पशु न घुसें इसके लिए पालिका की टीम भी मुस्तैद रहेगी। शहर में पार्किंग की व्यवस्था के साथ ही रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। रूट डायवर्जन आज सुबह सात से 10 बजे तक रहेगा। शहर ईदगाह में सुबह सात बजे से और जामा मस्जिद में साढ़े सात बजे से नमाज अदा की जाएगी। ईओ अवनीश कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। जामा मस्जिद में मौलवी रेहान खां और ईदगाह में शहर काजी सैय्यद खुशनूद मियां नमाज अदा कराएंगे।