Rampur News: दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर बिगाड़ रहा सेहत
रामपुर। रात में कड़ाके की ठंड और दिन में धूप निकलने पर तापमान में बढ़ोतरी होने से बच्चे व बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार 24 घंटे में 10 डिग्री तापमान का अंतर सहने की लोगों में क्षमता होती है। तापमान में इससे ज्यादा परिवर्तन लोगों को बीमार कर देता है। इन दिनों दिन रात में के तापमान में 15 से 20 डिग्री का अंतर हो रहा है। इसका विपरीत असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है।बीते एक सप्ताह में सर्दी तेजी से बढ़ी है। शुक्रवार रात का तापमान पांच डिग्री रहा, वहीं शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात व दिन के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। मौसम के इस बदलाव से बुखार के रोगी फिर से बढ़ने लगे हैं और खांसी भी परेशान कर रही है। जिला अस्पताल और सीएचसी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
शनिवार को जिला अस्पताल में उपचार के लिए 1045 रोगी पहुंचे, इनमें 300 रोगी बुखार, खांसी, जुकाम से पीड़ित थे। 40 सांस के रोगी भी इलाज को पहुंचे। वहीं गला खराब होने पर 36 लोग नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचे। फिजिशियन डॉ. डीके वर्मा का कहना है कि सर्दी में सांस के रोगियों को परेशानी होने लगती है। ऐसे रोगियों को सर्दी से बचाव के साथ ठंडी चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए।
इस तरह करें बचाव
-छोटे बच्चों को घर में बिना मोजा-जूता व चप्पल के फर्श पर न छोड़ें।
– रात व सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाएं।
-गुनगुना पानी पिलाएं।
-चिकित्सक के परामर्श से ही दवा खिलाएं।
-घर से निकलते समय पूरे कपड़े पहनें।
बीते पांच दिन का तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
16 दिसंबर 23 5.4
15 दिसंबर 22 5.5
14 दिसंबर 24 07
13 दिसंबर 23 08
12 दिसंबर 24 07
रात में ठंड और दिन में मौसम गर्म होने से मरीज बढ़ रहे हैं। लोगों को ठंड से बचना करना चाहिए। बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें। जिला अस्पताल में बुखार समेत अन्य दवाएं व सिरप उपलब्ध हैं।
– डॉ. एचके मित्रा, सीएमएस जिला अस्पताल।