Rampur News: तीन स्वास्थ्य केंद्रों पर बनेंगी ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट
रामपुर। ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। जिले में मिलक और स्वार सीएचसी के साथ ही चमरौआ पीएचसी परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) खोली जाएंगी। इसमें 50 लाख रुपये का खर्च आएगा। यूनिट के निर्माण से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन और 15वें वित्त आयोग के तहत ग्रामीण क्षेत्र में संचालित सीएचसी और पीएचसी पर जांच और इलाज की सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए जिले में अब सीएचसी मिलक, स्वार व पीएचसी चमरौआ पर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट खोलने का निर्णय लिया गया है। यूनिट स्थापित करने के लिए शासन की टीम ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जमीन की नापजोख पूरी करते हुए सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। यूनिट में विभिन्न जांचों के लिए एक लैब कम कंप्यूटर कक्ष व दो हॉल बनेंगे। निर्माण के बाद एक ही छत के नीचे मरीज की सभी जांच होगी।
एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड व पैथोलॉजी की सुविधाएं मिलेंगी
स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अंकित शर्मा ने बताया कि ब्लाॅक पब्लिक हेल्थ यूनिट के साथ ही ब्लाॅक पब्लिक हेल्थ लैब की स्थापना होने से एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ब्लड आदि की जांचों की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी। इलाज, टीकाकरण के साथ नियमित चलने वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी होगी। साथ ही बीमारियों के नियंत्रण व रोकथाम के उपायों की जानकारी भी मुहैया कराई जाएगी।
शाहबाद व सैदनगर में तैयार हो चुकी यूनिट
पहले चरण में जिले में शाहबाद व सैदनगर की सीएचसी पर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट को तैयार किया जा चुका है। शाहबाद में यूनिट बनकर तैयार हो चुकी है और विभाग को हैंडओवर की जा चुकी है। सैदनगर में यूनिट पर अभी काम चल रहा है। यहां भी जल्द ही लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
शाहबाद और सैदनगर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण हो चुका है। अब मिलक, स्वार और चमरौआ के स्वास्थ्य केंद्र पर यूनिट का निर्माण होगा। इसके लिए शासन के निर्देश पर भूमि की उपलब्धता एवं परीक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण के लिए बजट का इंतजार है। बजट जारी होते ही इन केंद्रों पर यूनिट का निर्माण शुरू हो जाएगा। -डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ रामपुर