Rampur News: खाटू श्याम और कैंची धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कारें दुर्घटनाग्रस्त, 13 घायल
रामपुर। स्वार थाना क्षेत्र बाजपुर-मुरादाबाद मार्ग पर सोमवार की देर रात उत्तराखंड के सुल्तानपुर पट्टी से खाटू श्याम जा रहे तीर्थयात्रियों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में छह श्रद्धालु घायल हो गए। दूसरी दुर्घटना कैंची धाम जा रहे गाजियाबाद के तीर्थ यात्रियों के साथ हुई। श्रद्धालुओं से भरी कार को कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मसवासी पुलिस ने घायलों को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित अस्पताल पहुंचाया।सोमवार रात 11 बजे उत्तराखंड के सुल्तानपुर पट्टी निवासी कुछ लोग कार में सवार होकर खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार स्वार कोतवाली क्षेत्र के बाजपुर-मुरादाबाद हाईवे पर अपना रसोई ढाबा के पास पहुंची। तभी चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। कार सवार घायलों सुल्तानपुर पट्टी निवासी राजीव सैनी, राजेश सैनी, सुनील सैनी, रोहित चंद्र, विशाल चंद्र और अनिल सैनी को उपचार के लिए उत्तराखंड के काशीपुर निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां कुछ यात्रियों की हालत गंभीर है।
दूसरा हादसा मंगलवार को तड़के लगभग चार बजे हुआ। गाजियाबाद निवासी एक परिवार के लोग कार से नैनीताल स्थित कैंची धाम जा रहे थे। मानपुर उत्तरी के बिजलीघर के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक गौरव, सीमा, राखी, प्रवीण, नवीन और दो बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मसवासी पुलिस पहुंच गई, जिसमें घायलों को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित अस्पताल भिजवा दिया। इस बीच कैंटर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो चुका था। स्वार थाना प्रभारी कोमल सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।