Rampur News: स्वार में तीन दिन के भीतर नो एंट्री के उल्लंघन पर डेढ़ सौ वाहनों का चालान
रामपुर। नगरीय क्षेत्रों में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। इसके चलते बीते तीन दिन के भीतर निगरानी के लिए गठित टीमों ने डेढ़ सौ से अधिक वाहनों का चालान काटा। दरअसल भारी वाहन चालकों के लिए नगरीय सीमा पर सूचना बोर्ड न लगाए जाने से चालक भ्रम में हैं, जिसके चलते नो एंट्री के दौरान वह वाहन लेकर आबादी से गुजर रहे हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक नगरीय क्षेत्र में भार वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक तहसील में एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी की निगरानी में टीमों का भी गठन किया गया है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से नो एंटी जोन और समय संबंधी बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। इस कारण भारी वाहन गुजर रहे हैं और चालान के शिकार हो रहे हैं। शनिवार और रविवार के दिन 96 भारी वाहनों का चालान काटा गया। सोमवार के दिन लगभग साठ भारी वाहनों का नो एंट्री जोन का उल्लंघन करने पर चालान काटा गया। इस तरह अब तक डेढ़ सौ से अधिक वाहनों का चालान काटा जा चुका है। एसडीएम स्वार अवनीश कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक निर्देशों को सख्ती से लागू कराया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर से तय समय सीमा के भीतर नो एंट्री की व्यवस्था प्रभावी बनाई गई है। इसलिए नो एंट्री के बावजूद भी शहरी क्षेत्र में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों का चालान किया जा रहा है।