Rampur News: जेल में बंद तजीन फात्मा से नहीं मिल सके कांग्रेसी
रामपुर। बेटे अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में रामपुर जेल में सजा काट रहीं सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां की पत्नी डाॅ. तजीन फात्मा से मिलने के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेसी जिला कारागार पहुंचे। हालांकि, काफी देर के इंतजार के बाद भी उनकी मुलाकात तजीन फात्मा से नहीं हो सकी। कांग्रेसियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जेल प्रशासन ने उनको मिलने की अनुमति नहीं दी। हालांकि, जेल प्रशासन का कहना है कि कांग्रेसी नियम विरुद्ध मिलना चाहते थे, इसलिए अनुमति नहीं दी गई। कोर्ट ने दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में आजम खां, अब्दुल्ला और डॉ. तजीन फात्मा को सात-सात साल की सजा सुनाई है। आजम खां सीतापुर, अब्दुल्ला हरदोई ओर तजीन फात्मा रामपुर जेल में बंद हैं। उनके समर्थन में अब कांग्रेस उतर आई है। दो दिन पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने खुलकर बयानबाजी की थी, जिसके बाद स्थानीय कांग्रेसी भी उनके समर्थन में आ गए हैं। रामपुर के कांग्रेसियों का प्रतिनिधमंडल प्रदेश सचिव चौधरी असलम मियां के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को जिला जेल में बंद पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. तजीन फात्मा से मिलने पहुंचा, लेकिन कांग्रेसियों की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
असलम मियां ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर वह मिलने पहुंचे थे। जेल प्रशासन को लिखित रूप में पत्र देकर समय भी मांगा था, लेकिन जेल प्रशासन ने मिलने की अनुमति नहीं दी। कहा कि यह तानाशाही है। जेल प्रशासन नियम के खिलाफ काम कर रहा है। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र देव गुप्ता, बरेली महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला, शहर अध्यक्ष नोमान खां, अकरम सुलतान, अब्दुल जब्बार खां मौजूद रहे। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल डॉ. तजीन फात्मा से मिलने आया था। प्रतिनिधिमंडल में मानक से अधिक लोग शामिल थे। इसलिए मुलाकात नहीं करने दी गई।