Rampur News: दलित किशोरी को शराब पिलाकर की छेड़खानी
रामपुर। खेत से चारा लेने गई दलित किशोरी को गांव निवासी शत्रुघ्न पाल सिंह उर्फ सिद्धू ने ने शराब पिलाई। फिर उसके साथ छेड़खानी की। किशोरी की सहेली ने उसे उसके घर तक पहुंचाया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ढकिया चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी है। आरोप लगाते हुए कहा कि 17 दिसंबर को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे उसकी नाबालिग बेटी खेत से पशुओं के लिए चारा लेने गई थी। वहीं आरोपी ने उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और सरसों के खेत में ले जाकर छेड़खानी की।
बाद में उसे वहीं छोड़कर भाग गया। रास्ते से गुजर रही किशोरी की सहेली ने उसे खेत में देखा तो उसे घर पहुंचाया। होश आने पर पीड़ित किशोरी ने आपबीती बताई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। किशोरी शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने छेड़खानी के साथ ही एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में भी रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।