Rampur News: जिले के 499 स्कूलों में हुई दक्षता परीक्षा
रामपुर। बेसिक, माध्यमिक और सीबीएसई बोर्ड के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता का स्तर सुधारने और बेहतर नीति तैयार करने के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से स्टेट एजुकेशनल अचीवमेंट सर्वे 2023 के तहत शुक्रवार को कक्षा तीन, छह और नौवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा कराई गई। परीक्षा में 31437 बच्चे पंजीकृत थे, इनमें 22455 बच्चों ने प्रतिभाग किया। ओएमआर शीट पर बच्चों ने गणित व भाषा से संबंधित सवालों के जवाब दिए।
जिले के 499 स्कूल व कॉलेजों में सुबह 10:30 बजे परीक्षा आरंभ कर दी गई। कक्षा तीन की परीक्षा एक घंटे की हुई। जिसमें 40 सवाल पूछे गए थे। इसी तरह कक्षा छह की परीक्षा 70 मिनट में 50 सवाल और कक्षा नौ की परीक्षा 90 मिनट में 60 सवाल बच्चों से पूछे गए थे। बच्चों ने गणित में भाषा से जुड़े सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर घेरे बनाकर दिए। बेसिक के सहायक उप शिक्षा निदेशक नरोत्तम देव बाजपेई परीक्षा के लिए जिले में पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किए गए थे। उनकी निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
उन्होंने शहर के ग्रीनवुड स्कूल, व्हाइट हॉल पब्लिक स्कूल सहित देहात के स्कूलों में पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया। उनके साथ में डायट से उत्कृष्ट प्रवक्ता के रूप में शावेज लतीफ और ब्रजकिशोर मौजूद रहे। परीक्षा कराने के लिए डायट से डीएलएड प्रशिक्षु समेत विभिन्न स्कूल और कॉलेजों के 499 बीएड प्रशिक्षु लगाए गए थे। ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी की निगरानी में परीक्षा कराई गई। बीएसए संजीव कुमार व जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने स्कूल कॉलेजों में पहुंचकर परीक्षा का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से निपट गई है।