Shahjahanpur News: ग्राहक बनकर आए दो लोगाें ने सराफा की दुकान से उड़ाए बिछिया व पायल

कांट में मोबाइल की दुकान में नकब लगाकर चोरी के बाद जांच करती पुलिस। स्रोत-जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोतीचौक में सराफा की दुकान से दो लोगों ने पायल व बिछिया को चोरी कर लिया। उनके जाने के बाद जेवर कम मिलने पर व्यापारी ने केस दर्ज कराया है।
सराफा व्यापारी विजय कुमार टंडन की दुकान पर एक नवंबर को दोपहर 1:20 बजे दो लोग आए। दोनों ने पायल और बिछिया दिखाने के लिए कहा। कुछ देर के बाद दोनों पसंद नहीं आने की बात कहते हुए चले गए। विजय ने उनके जाने पर स्टाक चेक किया तो उनमें एक जोड़ पायल व एक जोड़ बिछिया गायब मिले। विजय की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
–
चाय की दुकान से इन्वर्टर और बैटरा चोरी
रोजा थाना क्षेत्र की मठिया कॉलोनी निवासी रामरतन ने सिंधौली के खिरिया रसूलपुर निवासी जंग बहादुर उर्फ जंगली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। रामरतन ने पुलिस को बताया कि उनकी चाय की दुकान से जंगबहादुर इन्वर्टर, बैटरा व चार सौ रुपये चुरा ले गया। दिनेश पंडित ने उन्हें बैटरा ले जाते हुए देखा।
–
चोरों ने मोबाइल की दुकान में नकब लगाकर हजारों का माल उड़ाया
फोटो नंबर 46
कांट। क्षेत्र के मोहल्ला तकिया निवासी राशिद की मोबाइल की दुकान में चोरों ने नकब लगा दिया। चोर यहां से हजारों रुपये का माल चोरी कर ले गए हैं। स्टेट हाइवे के किनारे इकरार खां मार्केट में राशिद वाजिद मोबाइल शॉप है। राशिद ने बृहस्पतिवार की शाम दुकान बंद की और घर चले गए। रात में किसी समय चोरों ने दुकान में पीछे से नकब लगा दी। चोर दुकान में रखे नए व मरम्मत के लिए आए मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। मामले में थाने में तहरीर दी गई है। संवाद