Rampur News: किसानों ने धरना स्थल पर मनाया भाईदूज का त्योहार
रामपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक का अनिश्चितकालीन धरना केमरी की राइस मिल पर 86वें दिन भी जारी रहा। मिल परिसर पर ही बुधवार को किसानों ने भाईदूज का त्योहार मनाया।धरनास्थल पर पहुंचीं जिलाध्यक्ष अजय बाबू गंगवार की बहन सरोज गंगवार ने अजय बाबू व वहां मौजूद अन्य किसानों के तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। धरने पर जिलाध्यक्ष अजय बाबू गंगवार ने कहा कि जैसे हम लोगों ने गाजीपुर बॉर्डर पर सारे त्योहार मनाए थे। उसी तर्ज पर केमरी मिल पर सारे त्योहार मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को होने वाली मासिक पंचायत इस बार केमरी के मिल परिसर पर धरने के दौरान ही की जाएगी। जिसमें संगठन के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का पहुंचना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि 21 नवंबर को होने वाले जिला कलक्ट्रेट के घेराव की रणनीति तैयार की जा रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा धरने को तीन महीने होने वाले हैं, अगर प्रशासन किसान हित में अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक कर दे तो पीड़ित किसानों को तसल्ली मिल जाए। धरने पर धर्मवीर गंगवार, अनोखेलाल गंगवार,जमील अहमद, मनजिंदर सिंह, फूल सिंह, बाल किशोर पांडेय, लखविंदर, राकेश गंगवार आदि किसान मौजूद रहे।



