Rampur News: किसानों को खाते में मिलेगा अनुदान का लाभ
रामपुर।
रबी के सीजन में कृषि विभाग किसानों के लिए गेहूं, सरसों, मसूर का आधारीय एवं प्रमाणित बीज अनुदान पर उपलब्ध कराएगा। कृषि विभाग की ओर से बीज राजकीय कृषि बीज भंडार गृहों पर भिजवा दिया गया है। किसान यहां से बीज खरीद सकते हैं। किसानों को अनुदान का लाभ डीबीटी के माध्यम से खाते में मिलेगा।
रबी के सीजन में किसानों ने गेहूं, सरसों, मसूर की बोआई की तैयारी शुरू कर दी है। कृषि विभाग की ओर से गेहूं, सरसों, मसूर का बीज ब्लॉक स्तरीय गोदामों पर भेज दिया गया है। राजकीय कृषि बीज भंडार गृहों पर गेहूं का डीबीडब्ल्यू-187, डीबीडब्ल्यू-303, एचडी-3086, डीबीडब्ल्यू-3226, डीबीडब्ल्यू-222, उन्नत-343 वैरायटी का आधारीय एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध है।
सरसों का आरएच-725, आरएच-716, आरजीएन-298, मसूर का पीएल-9, केएलवी-2008 वैरायटी का बीज है। किसान इन वैरायटियों का बीज राजकीय कृषि बीज भंडार से खरीदकर 50 फीसदी अनुदान ले सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल ने बताया कि गेहूं, सरसों, मसूर का बीज राजकीय कृषि बीज भंडार गृहों पर भिजवा दिया है। किसान बीज ले सकते हैँ।