Rampur News: रसोई बैस के पाइप में आग लगने से महिला समेत चार झुलसे
बिलासपुर। नगर के मोहल्ला लक्ष्मी नगर में रविवार की सुबह खाना बनाने के दौरान अचानक गैस का पाइप लीक होने की वजह से आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक महिला समेत चार लोग झुलस गए। महिला को गंभीर हालत में एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला लक्ष्मी नगर निवासी ओमप्रकाश मेहनत मजदूरी करते हैं। ओम प्रकाश की पत्नी पूजा 30 रविवार की सुबह करीब 8:00 बजे अपने घर के बरामदे में रखे गैस के चूल्हे पर खाना बना रही थीं। अचानक चूल्हे के पाइप में गैस लीक होने की वजह से आग लग गई। आग ने पूजा को अपने आगोश में ले लिया। पूजा की चीख-पकार सुनकर देवरानी रेखा, ससुर नेतराम, सास शांति देवी आग बुझाने लगे। इस दौरान सभी लोग झुलस गए। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया। बाद में गंभीर घायल पूजा को केमरी क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत में सुधार बताया गया है।