Rampur News: शादी के लिए प्रेमी के घर पहुंची प्रेमिका ने किया हंगामा
रामपुर। शादी के लिए प्रेमी के घर पहुंची युवती ने जमकर हंगामा किया। प्रेमी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया। प्रेमी और उसके परिजन घर से भाग गए। मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। रामपुर सिविल लाइन क्षेत्र की युवती मंगलवार को प्रेमी के घर पहुंची और शादी के लिए हंगामा करने लगी। युवती का आरोप था शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, लेकिन अब प्रेमी ने शादी करने से साफ इन्कार कर दिया है।
पड़ोसियों ने युवती को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। घर के अंदर पहुंची युवती प्रेमी और उसके परिजनों को आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। प्रेमिका को घर के अंदर बैठा छोड़ प्रेमी और उसके परिजन घर से फरार हो गए। युवती का आरोप था जब तक शादी नहीं होगी वह घर से नहीं निकलेगी। रात तक युवती प्रेमी के घर बैठी रही और युवक के परिजन गायब रहे। युवक के घर के बाहर भीड़ लगी है। हालांकि, किसी ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी।