Rampur News: लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से दो बच्चे घायल
रामपुर। रामपुर-बाजपुर राजमार्ग पर मोतीपुरा खौद के निकट लकड़ी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। हादसे में सड़क किनारे खेल रहे शिवा (15) और प्रांजल (7) लकड़ियों के नीचे दबकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर है। मंगलवार की शाम लगभग छह बजे लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली बाजपुर दिशा की ओर से स्वार की लकड़ी मंडी जा रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर ट्राॅली बिजारखाता से मोतीपुरा गांव के सामने पहुंची तभी एक वाहन को ओवरटेक करते समय पलट गई। नाले के पास शिवा पुत्र जय नंदन निवासी बिजारखाता और मोतीपुरा निवासी प्रांजल पुत्र नवीन कुमार खेल रहे थे।
ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटती देख दोनों बच्चे नाले में कूद गए। इसी दौरान उनके ऊपर लकड़ियां गिर गई और वह लकड़ियों में दब गए। दुर्घटना स्थल के आसपास लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला। वह गंभीर रूप से घायल थे। उन्हें तत्काल निजी वाहन से उत्तराखंड के बाजपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रेन मंगवाकर पुलिस ने हटवाया। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।