Rampur News: दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से निकली भव्य कलश यात्रा, आज से शुरु होगी कथा
मिलक । दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से 5 जून से नगर के शहनाई मंडप में भागवत कथा शुरू हो रही है। श्रीमद्भागवत कथा से एक दिन पूर्व रविवार की सुबह नगर में भव्य कलश यात्रा निकली। पारंपरिक वेशभूषा में सजीं महिलाओं ने शहनाई मंडप से कलश यात्रा शुरू की। विभिन्न मार्गों से निकली कलश यात्रा पुन: कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। इस दौरान महिलाएं भजन कीर्तन करते हुए निकलीं और कई जगह पुष्पवर्षा भी हुई। डीजेजेएस की ओर से कलश यात्रा निकाल कर समाज को शाश्वत भक्ति से जुड़ने का संदेश दिया गया । विशाल संख्या में शिष्यों ने कलश को शीश पर धारण कर इस कलश यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती केतकी देवी गंगवार ने झंडी दिखाकर किया । कलश यात्रा में जाग्रत-आत्माओं की प्रार्थनाओं व उनकी दिव्य तरंगों के माध्यम से वातावरण में शांति और एकता का संदेश दिया गया। कथा वाचक मेरू देवा भारती ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य विश्व में शांति की स्थापना करना है। और यह उद्देश्य प्रत्येक हृदय में ब्रह्मज्ञान की शाश्वत विधि द्वारा शांति स्थापित कर के ही यथार्थ पूर्ण किया जा सकता है। एक जाग्रत आत्मा में ही दूसरों को जगाने व विश्व में शांति की स्थापना करने की शक्ति होती है। शास्त्रों में स्पष्ट वर्णन है कि समय के पूर्ण गुरु ही व्यक्ति को ब्रह्मज्ञान प्रदान करने का सामर्थ्य रखते हैं। नि:संदेह, आध्यात्मिक रत्नों को लिए डीजेजेएस द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा सभी उम्र के वर्गों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। आयोजक मंडल ने बताया कि नगर के शहनाई मंडप में 5 जून से 11 जून तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 7 बजे तक गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या सुप्रसिद्ध कथावाचक साध्वी मेरूदेवा भारती कथा का वाचन करेंगी। कलश यात्रा के अवसर पर श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी मेरुदेवा भारती, शिष्या सुरजीता भारती,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती केतकी देवी गंगवार, व मुख्य यजमान महेंद्रपाल गंगवार, , मोहन स्वरूप गंगवार,शेरसिंह गंगवार, अमित गंगवार,ओम प्रकाश पाण्डे, अनुज पांडेय,गजेंद्र गंगवार, राजेश गंगवार, मुकेश पटेल, अमृत गौड़, सौरभ शर्मा,केपी गंगवार,नरोत्तम पांडेय, नन्हेलाल पांडेय, महेंद्र कश्यप, डॉ अशोक गंगवार,आदि लोग उपस्थित रहे ।