Rampur News: कबड्डी खिलाड़ी सुनील लोगों में जगा रहे पर्यावरण संरक्षण की अलख
रामपुर। बहुत कम ऐसे लोग होते हैं जो खुद से ज्यादा प्रकृति से प्रेम करते हैं। रामपुर के कबड्डी खिलाड़ी और पर्यावरण प्रेमी सुनील भी उनमें से एक हैं। जगह-जगह पौधरोपण और तख्ती के जरिए लोगों को पर्यावरण को हरा-भरा रखने का संदेश दे रहे हैं। शहर में ही नहीं बल्कि बाहरी शहरों में भी पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे हैं। साइकिल यात्राओं के जरिये लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। 2020 से अब तक उनकी यह मुहिम निरंतर जारी है।
मूल रूप से रामपुर के रहने वाले नेशनल स्तर के कबड्डी खिलाड़ी सुनील यादव पुत्र वीर सिंह यादव एक किसान परिवार से हैं। सुनील बताते हैं 2020 में जब लॉकडाउन लगा तब उनकी उम्र 19 साल थी। प्रैक्टिस के लिए बाहर नहीं जा सकते थे इसलिए घर पर पौधरोपण शुरू कर दिया। यहीं से उनके मन में पर्यावरण संरक्षण का जुनून पैदा हो गया।
पर्यावरण के प्रति उनको इतना लगाव हो गया कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद वह खुद तो पौधे लगाते ही थे, आसपास के मोहल्लों में भी लोगों को जागरूक करने लगे। उन्होंने बताया कि 2020 से वह लगातार पौधरोपण कर रहे हैं।
सुनील ने बताया कि वह अन्य युवाओं को भी पौधरोपण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके लिए 2021 में रामपुर से हरिद्वार, 2022 में रामपुर से दिल्ली और उसके बाद रामपुर से लखनऊ तक साइकिल यात्रा करके लोगों को पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के लिए जागरूक कर चुके हैं। उन्होंने अब तक डेढ़ हजार से अधिक पौधे रोपित किए हैं।
सुनील से प्रेरित होकर रामपुर समेत कई जनपदों के 26 से अधिक युवाओं ने पौधरोपण शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि जीवन जीने के लिए ऑक्सीजन बेहद जरूरी है और इसके लिए हर किसी को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए।