रामपुर

Rampur News: सावन के आखिरी सोमवार पर दिखी श्रद्धा अपार

Connect News 24

रामपुर। सावन के आखिरी सोमवार पर शहर से लेकर देहात के शिवालयों में जलाभिषेक के लिये कांवड़ियों एवं शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। जिले भर के प्राचीन शिव मंदिरों में सुरक्षा की लिहाज से पुलिस का कड़ा पहरा रहा। मंदिरों पर सुबह से लेकर शाम तक जलाभिषेक के लिये श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे लगे।

सावन के आखिरी सोमवार को कांवड़ियों एवं शिवभक्तों ने आस्था एवं उत्साह के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सोमवार के लिए शिवालयों के कपाट भी शुभ मुहूर्त में खुल गए थे। गंगाघाटों से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने मंदिरों में जलाभिषेक किया। ऐतिहासिक शिव मंदिर भमरौआ, पंजाबनगर, रठौंडा और कोसी मार्ग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक करने को लेकर शिव भक्त कांवड़िये और श्रद्धालुओं की सुबह से लाइनें लगीं थीं।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक करने के साथ ही फलफूल, धतूरे के साथ ही मेवा मिष्ठान का भोग लगाकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर के बाहर लगे मेले का लोगों ने आनंद उठाया। सुरक्षा दृष्टि के नजरिए से मंदिरों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहा। इसके साथ ही अफसरों ने भी निगरानी की। शाम तक मंदिरों में भोले के जयकारे लगते रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button