Rampur News: अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में गवाह बीमार, नहीं हो सकी सुनवाई
रामपुर। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो-दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में बृहस्पतिवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। लेकिन सुनवाई के दौरान अब्दुल्ला आजम पक्ष के गवाह की तबीयत खराब हो गई और उनके अधिवक्ता ने कोर्ट में स्थगन प्रार्थना पत्र दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 मई को होगी।
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने वर्ष 2019 में गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें आरोप है कि सपा नेता आजम खां के पुत्र अब्दुल्ला आजम ने अपने -दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाए और उनका प्रयोग किया। पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। वर्तमान में आजम खां, डॉ. तंजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम जमानत पर चल रहे हैं। बृहस्पतिवार को इस मामले की सुनवाई एमपी एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल में हुई। सुनवाई के दौरान अब्दुल्ला आजम के पक्ष में गवाहों के बयान दर्ज होने थे। अचानक गवाह की तबीयत खराब हो गई और उनके अधिवक्ता ने स्थगन प्रार्थना पत्र दिया। सुनवाई के दौरान आजम खां, डॉ. तंजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम मौजूद रहे। कोर्ट परिसर में सुनवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। वादी के अधिवक्ता संजीव सक्सेना ने बताया कि इस मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट ने 30 मई की तारीख निर्धारित की है। वहीं दूसरी ओर अब्दुल्ला आजम के दो-दो पैनकार्ड मामले में भी सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली तारीख पांच जून निर्धारित की है।