Rampur News: मूंगफली विक्रेता से लूटपाट के मामले की जांच शुरू
रामपुर। मूंगफली विक्रेता से लूट के मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि खोखर ने पीड़ित को बुलाकर बातचीत की और शीघ्र ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। पुलिस क्षेत्राधिकार ने कोतवाली प्रभारी को भी शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए हैं।बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगरिया कला के मोहल्ला आनंदनगर निवासी रामबाबू कश्यप पुत्र महेंद्र कश्यप एसडीएम और सीओ आवास के सामने केमरी रोड पर मूंगफली का फड़ लगाता है। रामबाबू ने पुलिस को बताया कि 21 अक्तूबर की रात वह करीब 10 बजे अपनी दुकान पर था। इस दौरान बाइक सवार तीन बदमाश उससे 11000 रुपये व मोबाइल फोन लूट कर ले गए थे। घटना की सूचना पाकर कस्बा चौकी प्रभारी प्रशांत कुमार भी पहुंच गए थे। कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि मूंगफली विक्रेता के मामले में जांच की जा रही है और फोन की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पीड़ित रामबाबू ने बताया कि सोमवार की सुबह पुलिस क्षेत्राधिकार रवि खोखर ने उसे अपने कार्यालय बुलाया और मामले की जानकारी ली। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने उसे आश्वासन दिया है कि वह शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट की घटना का पर्दाफाश कर देंगे। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कोतवाली प्रभारी को भी घटना का वर्कआउट करने के निर्देश दिए हैं।