Rampur News: कांवड़ियों ने सैदनगर पुलिस चौकी का घेराव कर किया हंगामा
रामपुर। सैदनगर में बाइक की टक्कर लगने के बाद एक कांवड़िया घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने सैदनगर पुलिस चौकी का घेराव कर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। कांवड़िये बाइक सवार की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने किसी तरह कांवड़ियों को शांत किया। पुलिस आरोपी बाइक सवार की तलाश कर रही है।क्षेत्र के अहमदाबाद गांव निवासी रितेश अपने परिवार के लोगों के साथ कांवड़ लेकर गांव वापस आ रहा था। बताया जाता है कि गांव के पास बाइक सवार ने रितेश को टक्कर मार दी, जिससे वह चोटिल हो गया। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना की जनकारी मिलने के बाद तमाम कांवड़िये सैदनगर पुलिस चौकी पहुंच गए, जहां कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। चौकी के सामने ही कांवड़ियों ने जाम लगा दिया, जिससे मार्ग पर जाम लग गया। घटना की जानकारी के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने कांवड़ियों को किसी तरह समझाबुझाकर शांत कर दिया और आगे बढ़ा दिया। कांवड़िये बाइक सवार की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस के आश्वासन के बाद कांवड़िये शांत हुए। पुलिस ने बाइक सवार की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।