Rampur News: नैनीताल हाईवे पर हादसे में मां-बेटी की मौत, पिता-पुत्र घायल
रामपुर। नैनीताल हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार धर्मेंद्र कुमार (35), उनकी पत्नी आंचल (30), बेटा रौनक (5) और बेटी आरोही उर्फ परी (4) घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आंचल और आरोही को मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र और रौनक को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। पटवाई थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी धर्मेंंद्र कुमार रक्षाबंधन पर घर आए थे। त्योहार संपन्न होने के बाद बृहस्पतिवार रात को बाइक से पत्नी और बेटा-बेटी के साथ रुद्रपुर जा रहे थे। वह परिवार के साथ रुद्रपुर में रहकर सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम करते थे। रात करीब नौ बजे नेशनल हाईवे पर थूनापुर गांव के पास इंपेक्ट काॅलेज के सामने पहुंचते ही पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक समेत चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। धर्मेंद्र ने हेलमेट लगा रखा था।
सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी व चारों घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने आंचल व आरोही को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र व रौनक को बेहतर उपचार के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया। हादसे में मां-बेटी की मौत की सूचना पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शुक्रवार को मां-बेटी के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया था।