Rampur News: नगर पंचायत के अध्यक्ष का बेटा शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार
रामपुर। नगर पंचायत नरपतनगर में फ्लैक्सी विवाद के चलते दो पक्षों में मारपीट की घटना में पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष खालिद अली के बेटे को गिरफ्तार शांति भंग का आरोप लगाते हुए न्यायालय में चालान कर दिया जहां न्यायालय से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। नगर पंचायत नरपतनगर में बुधवार की रात विधायक प्रतिनिधि इरफान अली और नगर पंचायत अध्यक्ष खालिद अली के समर्थकों के बीच उस वक्त विवाद हो गया था जब विधायक प्रतिनिधि ईद की बधाई का फ्लैक्स लगा रहे थे। अध्यक्ष समर्थकों का आरोप था कि अध्यक्ष की पहले से ही लगी फ्लैक्स को हटाकर उसके स्थान पर दूसरी फ्लैक्सी लगाई जा रही थी। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे पर हमलावर हुए जिसमें पांच लोग घायल हुए थे। इस संबंध में अध्यक्ष खालिद अली के भाई और विधायक प्रतिनिधि इरफान की ओर से नामजद व अज्ञात समेत 38 लोगों के खिलाफ बलवे आदि की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिशें दीं जिसके चलते नगर पंचायत अध्यक्ष खालिद अली के बेटे आसिफ अली को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसे सीआरपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में चालान कर दिया जहां उसे मुचलका पाबंद करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। कोतवाल अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शेष आरोपियों की तालाश में दबिशें दी जा रही हैं शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा। पुलिस द्वारा दूसरे पक्ष के आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिशें दी गईं लेकिन वह फरार मिले।