Rampur News: कल से हाईवे पर तीन दिन के लिए भारी वाहनों की नो एंट्री
रामपुर। सावन के चौथे सोमवार पर हाईवे से लेकर मंदिरों तक कांवड़ियों की भीड़ रहेगी। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में जुट गया है। शुक्रवार रात से तीन दिन के लिए बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर बड़े वाहन ट्रक, लोडर, डीसीएम आदि के पहिये थम जाएंगे।
रूट डायवर्जन के अनुसार हाईवे पर एक लेन में कांवड़ियों को गुजारा जाएगा। दूसरी लेन में कार, बाइक आदि छोटे वाहन निकलेंगे। रामपुर से मुरादाबाद व बरेली को जाने वाले भारी वाहनों को अजीतपुर बाइपास से शाहबाद होकर गुजारा जाएगा। यह नियम रोडवेज बसों के लिए भी लागू रहेगा। हालांकि हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ को देखकर रोडवेज बसों को शुक्रवार को हाईवे से गुजरने की छूट मिल सकती है। शुक्रवार को रात आठ बजे से सोमवार रात आठ बजे रूट डायवर्जन लागू रहेगा। शहर के अंदर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। रोडवेज बसें शहजादनगर बाइपास से होकर बस स्टैंड पर पहुंचेंगी। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि रूट डायवर्जन को लेकर तैयारियां पूरी हैं।
इन मार्गाें से गुजरेंगे वाहन
-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली को गुजारे जाएंगे।
-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे जाएंगे। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा जाएगा। –
-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा जाएगा। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजरेंगे। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजरेंगे।
-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा जाएगा।