रामकथा सुनने से दूर हो जाते हैं कष्ट : रवि महाराज

उझानी में कथा सुनाते रवि महाराज।
उझानी। मेरे राम आश्रम में चल रही कथा में बुधवार दोपहर रवि महाराज ने कहा कि प्रभु राम का गुणगान सुनने से लोगों के कष्ट दूर हो जाते हैं। भगवान शिव ने भी पार्वती को इसका श्रवण कराया था। महाराज ने कहा कि विवाह के बाद भोलेनाथ ने पार्वती को रामकथा के प्रसंग सुनाए तो वह भाव विभोर हो गई थीं। उन्होंने भी रामकथा का गुणगान किया। भोलेनाथ काे भी खुशी हुई कि पार्वती ने अच्छे से कथा सुनी है। महाराज ने कहा कि जब भी पृथ्वी पर अत्याचार बढ़े, धर्म की हानि हुई या फिर अधर्म का प्रकोप बढ़ा, तब-तब भगवान ने अवतार लिया है। भगवान साकार और निराकार भी हैं। उनका कोई आकार नहीं है। मनुष्य के अंदर वह निवास करते हैं। जो लोग कथा नहीं सुनते, उन्हें आत्मीय सुख प्राप्त नहीं होता। आत्म सुख के अभाव में व्यक्ति आत्मघाती कदम भी उठा लेता है। ऐसा करना घोर पाप है। कथावाचक ने लोगों को सत्य के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। कहा- जीवन में परोपकार करने चाहिए। किसी को कष्ट नहीं पहुंचाना चाहिए। संवाद