Rampur News: मिड-डे-मील में कीड़े मिलने की जांच पूरी, एनजीओ ने मांगी माफी
रामपुर। मसवासी और दढ़ियाल क्षेत्र के बेसिक स्कूलों में मिड-डे-मील में कीड़े निकलने के मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अपनी जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंप दी। इस पर अंतिम निर्णय डीएम लेंगे। इधर, खाना बनाने वाले एनजीओ ने रसोइये को हटाकर शपथ पत्र देकर माफी मांगी है।
प्राथमिक स्कूल दढ़ियाल, कंपोजिट स्कूल दढ़ियाल, उच्च प्राथमिक विद्यालय दढ़ियाल, प्राथमिक विद्यालय मसवासी, कंपोजिट विद्यालय मसवासी और प्राथमिक विद्यालय चाऊपुरा मसवासी में पढ़ने वाले बच्चों का खाना बनाने का जिम्मा एनजीओ के पास है। मंगलवार को बच्चों को खाने के लिए परोसे गए चावल में कीड़े निकले थे। जिसके बाद स्कूल के शिक्षकों ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये इसकी जानकारी शिक्षा विभाग को दी थी। स्कूलों में बच्चों को खाना खाने से रुकवा दिया था।
मामला संज्ञान में आने के बाद मुख्य विकास अधिकारी नंद किशोर कलाल ने बीएसए संजीव कुमार को जांच के निर्देश दिए। बीएसए के निर्देश पर बुधवार को स्वार के खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार जांच करने के लिए स्कूलों में पहुंचे। यहां पर उन्होंने भौतिक सत्यापन करते हुए बच्चों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों से बात की। इसके बाद रिपोर्ट को सीडीओ को भेज दी। इधर, एनजीओ ने अनाज साफ करने वाले रसोइये को हटा दिया है।
बयान
एनजीओ की ओर से शपथ पत्र देकर आगे से इस प्रकार की गलती न करने की माफी मांगी गई है। जांच रिपोर्ट मिल गई है। इस पर अंतिम निर्णय डीएम लेंगे।
– नंद किशोर कलाल, मुख्य विकास अधिकारी रामपुर।